प्राकृतिक चिकित्सा - 24 : धूप स्नान

यह भाप स्नान की वैकल्पिक क्रिया है। जब भाप स्नान के लिए आवश्यक बॉक्स, कवर या भाप उत्पन्न करने के साधन की व्यवस्था न हो सके, तो उसके स्थान पर धूप स्नान लिया जा सकता है। धूप स्नान से भाप स्नान के सभी लाभ प्राप्त हो जाते हैं।
धूप स्नान किसी छत या बालकनी में ऐसी जगह लेना चाहिए, जहाँ दोपहर को सीधी धूप आती हो। इसका सबसे अच्छा समय दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच है। धूप स्नान के लिए केवल अधोवस्त्र पहने रहिए। पहले एक गिलास ठंडा पानी पी लीजिए और सिर पर एक कपड़ा तीन-चार तह करके ठंडे पानी में भिगोकर रख लीजिए। अब धूप आने वाली जगह पर चटाई बिछाकर एक कम्बल ओढ़कर बैठिए। कम्बल को इस प्रकार ओढ़ना चाहिए कि पूरा शरीर अच्छी तरह ढक जाए और सांस लेने के लिए नाक खुली रहे।
इस तरह धूप में बैठने पर थोड़ी देर में शरीर गर्म हो जाएगा और पसीना आने लगेगा। खूब पसीना आ जाने पर उठ जाना चाहिए। इसके लिए आपको लगभग आधे घंटे तक धूप में बैठने की आवश्यकता हो सकती है। यदि धूप में बैठने पर चक्कर आने लगें, तो तत्काल उठ जाना चाहिए। इसके बाद तुरन्त बाथरूम में जाकर ठंडे जल से स्नान कर लेना चाहिए। गीले कपड़े से रगड़-रगड़कर नहाना चाहिए। साबुन, तेल आदि नहीं लगाने चाहिए।
धूप सेवन
यह भी शरीर को बहुत लाभ पहुँचाने वाली क्रिया है। इससे शरीर में विटामिन डी की उत्पत्ति होती है। गर्मियों में प्रातः 8 से 10 बजे तक और जाड़ों में दोपहर 10 से 2 बजे तक की सुहानी धूप इसके लिए सबसे अधिक उपयुक्त होती है। इसमें शरीर पर कम से कम वस्त्र पहनकर या नंगे बदन धूप की तरफ पीठ करके बैठा जाता है। इसका समय आपकी सुविधा के अनुसार आधे घंटे से लेकर डेढ़ घंटे तक हो सकता है। आप स्नान करके भी धूप सेवन कर सकते हैं या धूप सेवन के बाद स्नान कर सकते हैं।
यदि शरीर में विटामिन डी की बहुत कमी हो, तो धूप सेवन के समय पहले पूरे शरीर पर सरसों के तेल की मालिश करनी चाहिए। फिर उसके बाद आवश्यक समय तक पीठ पर धूप का सेवन करना चाहिए। उसके बाद गीले कपड़े से रगड़कर स्नान करना चाहिए। यह क्रिया सप्ताह में एक बार कर ली जाये, तो शरीर को बहुत लाभ होता है। विटामिन डी की कमी पूरी हो जाती है, त्वचा के रोग दूर होते हैं और हड्डियाँ मजबूत हो जाती हैं। यदि आपके पास धूप सेवन की सुविधा हो, तो अवश्य इसका लाभ उठाना चाहिए।
-- डॉ विजय कुमार सिंघल
प्राकृतिक चिकित्सक एवं योगाचार्य
मो. 9919997596
पौष कृ 9, सं 2076 वि (21 दिसम्बर, 2019)

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्राकृतिक चिकित्सा-13 : जल कैसा, कहां एवं कब पीयें ?

प्राकृतिक चिकित्सा -१४ : रोगमुक्ति का रामवाण उपाय : उपवास

प्राकृतिक चिकित्सा - 27 : बुखार की सरल चिकित्सा